अमेरिका में 8 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव पर पानीपत के निर्यातकों की नजरें भी लगी हैं। इस चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप जीतेंगे या उनकी प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेटिक हिलेरी क्लिंटन। पानीपत से होने वाले टेक्सटाइल निर्यात में एक बड़ा हिस्सा अमेरिका पर निर्भर है। यहां के उद्यमियों व निर्यातकों का मानना है कि चुनाव में भारतीय समर्थक के राष्ट्रपति बनने से यहां के उद्योग प्रभावित होंगे।
शहर के निर्यातक हिलेरी क्लिंटन को भारतीय समर्थक मान रहे हैं। हालांकि अमेेरिका में भारतीय दो हिस्से में बंट गए हैं। निर्यातक एसोसिएशन पानीपत के प्रधान प्रेम सागर विज का कहना है कि हिलेरी क्लिंटन के बनने से भारतीय उद्योगों को लाभ होगा। हमारी इच्छा है कि हिलेरी राष्ट्रपति बनें।
निर्यातक एसोसिएशन के संरक्षक रह चुके निर्यातक रामनिवास गुप्ता का कहना है कि क्लिंटन परिवार की सोच भारतीयों के हित में रही है। हिलेरी राष्ट्रपति बने यही यहां के उद्यमी चाहते हैैं। गुप्ता का कहना है कि अगले चुनाव में भारतीय बॉबी जिंदल अमेरिका के राष्ट्रपति बन सकते हैं। वह इस बार भी दावेदार थे लेकिन सीनियर नेता होने के कारण डेमोक्रेटिक से दावेदारी हिलेरी क्लिंटन को मिली।
गुप्ता ने बताया कि अमेरिका में भारतीय दो खेमे में बंट गए हैैं। एक बड़ा भारतीय उद्यमी तो ट्रंप के चुनाव में फाइनेंस तक कर रहा है। वहीं भारतीय चटवाल होटल ग्रुप हिलेरी क्लिंटन के साथ हैं। 30 फीसद भारतीय ट्रंप तथा 70 फीसद भारतीय हिलेरी क्लिंटन के समर्थन में हैं। हरियाणा चेंंबर ऑफ कामर्स के प्रधान सरदार प्रीतम सिंह का कहना है कि एनआरआइ साथियों से बात हुई है। ज्यादातर हिलेरी के समर्थन में हैं।